जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के जम्मू बैंच को शिफ्ट करने के मामले पर बनी कमेटी बुधवार तय करेगी कि आगे की रणनीति क्या होनी चाहिए। कमेटी ने मंगलवार को बैठक कर कई मुद्दों पर चर्चा की। कमेटी बुधवार को बैठक में सिफारिशें पेश कर देगी। बता दें हाईकोर्ट को जानीपुर से सिद्दड़ा के रैका में शिफ्ट किया जा रहा है, जिसका बड़े स्तर पर वकील विरोध कर रहे हैं।
20 जुलाई को जनरल हाउस की बैठक में फैसला हुआ था कि वकीलों की कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी के कन्वीनर एडवोकेट एचसी जलमेरिया और पूर्व प्रधान एमके भारद्वाज के अलावा 15 सदस्यों की मौजूदगी में बैठक हुई।
एचसी जलमेरिया ने बताया कि कुछ मुद्दों को लेकर बातचीत हुई। कुछ पर आज बात होगी। इसके बाद सिफारिश देंगे कि हाईकोर्ट के शिफ्ट करने का विरोध करने के लिए कौन सा रास्ता तय करना होगा। हालांकि कई वकील कमेटी से भी संतुष्ट नहीं हैं। वह अन्य वकीलों को कमेटी में शामिल करने की मांग कर रहे थे।