अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बिजली बिलों को माफ किया जाए, प्रीपेड मीटर न लगाएं और सामाजिक कल्याण विभाग बंद पेंशन को बहाल करे इन मांगों को लेकर वार्ड-34 के लोगों ने रविवार को हाईकोर्ट चौक में प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
पार्षद रानी देवी ने कहा कि बुजुर्ग, दिव्यांग और विधवा महिलाओं की पेंशन बंद कर दी गई। इससे गरीब लोग दो वक्त की रोटी खाते थे, लेकिन नौ माह से पेंशन की सुविधा नहीं मिल रही। सरकार नियमों में बदलाव लाए और पेंशन की बहाली करे। लोग कार्यालय के चक्कर पर चक्कर काट रहे हैं, पेंशन फिर भी नहीं लग रही। उन्होंने कहा कि बिजली बिल ज्यादा आ रहे हैं जिसे अदा करना मुश्किल है। ज्यादा बिल आने का कारण बिजली कारपोरेशन बताए। पहले भी कई बार प्रदर्शन कर मांग की जा चुकी है। इसी तरह प्रीपेड मीटर लगाने पर काम चल रहा है जिसका हर स्तर पर विरोध हो रहा है। कारपोरेशन को काम बंद कर राहत देनी चाहिए। यहां पूर्ण सिंह, सुरेश डोगरा, शुभ कुमार, जगन्ननाथ, शंभू कुमार, शम्मी कुमार और राज कुमार मौजूद रहे।