सड़क के ऊपर से तेज गति में बह रहा था खड़ा मदाना नाले का पानी
लोग बोले - बारिश के बाद होता है यही दृश्य, सड़क पर पुल बनाए सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरमंडल। जम्मू-पुरमंडल मार्ग पर पड़ने वाले खड़ा मदाना नाले में शनिवार को भारी बारिश के चलते पानी का बहाव काफी तेज हो गया। यह पानी सड़क के ऊपर से होकर चल रहा था, इसलिए कुछ घंटों के लिए इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रही। नाले में पानी इतना तेज था कि कोई भी आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं कर सका। ऐसे में नाले के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग रहीं। इस दौरान यात्री नाले में पानी कम होने का इंतजार करते नजर आए। जब देर शाम नाले में पानी कम हुआ तो वाहनों की आवाजाही सुचारू हो पाई।
सरपंच जोगिंदर शर्मा, सरपंच अनिल शर्मा, पंच नरेश कुमार, शिवदीप शर्मा, आदि का कहना है कि जब भी ऊपरी क्षेत्रों में बारिश होती है तो इस नाले में पानी का स्तर काफी बढ़ जाता है। इससे लोगों को नाला पार करने के लिए अक्सर घंटों तक इंतजार करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि इसे लेकर हर सरकार से यहां पुल बनाने की कई बार मांग उठाई है, लेकिन आज तक किसी भी सरकार ने उनकी यह मांग पूरी नहीं की। अब लोग एक बार फिर एलजी प्रशासन से इस नाले पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। अगर यहां पुल बन जाता है तो लोगों को आवाजाही में भारी राहत मिलेगी।