संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (सिक्मिस) श्रीनगर के बाद अब स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में सोमवार से इनपेशेंट डिपार्टमेंट (आईपीडी) बहाल की जाएगी। इसमें हिस्टोपैथोलॉजी समेत अन्य लैब शुरू कर कैंसर मरीजों को राहत दी जाएगी। कुछ ही महीनों में पेट स्केन और डिजिटल एक्सरे समेत अन्य सुविधाएं भी देने का दावा है। हालांकि पहले इंस्टीट्यूट में सिर्फ कीमोथेरेपी का इलाज होता था, लेकिन अब इसे पूरी तरह से विकसित किया जा रहा है। इससे शहर और विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को राहत मिलेगी उन्हें उपचार के लिए अन्य राज्यों में जाना नहीं पड़ेगा।
डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. दीपक कपूर का दावा है कि इंस्टीट्यूट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्टेट ऑफ आर्ट बनाया जा रहा है। विश्व कैंसर दिवस तक सभी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। पहले कीमोथेरेपी के मरीजों के लिए रहने की व्यवस्था नहीं थी। उन्हें भर्ती करने में दिक्कत होती थी। अब सोमवार से सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 24 घंटे में मरीज को भर्ती किया जाएगा। उधर, डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट दीपक कपूर ने कहा कि सुपर स्पेशलिटी की पार्किंग का कुछ हिस्सा स्टेट केंसर इंस्टीट्यूट को मिलेगा।