स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा वीरवार को एम्स जम्मू पहुंचे। उनके साथ संयुक्त सचिव अंकिता बुंदेला और विजय कुमार सिन्हा भी थे। एम्स पहुंचने पर उन्होंने अकादमिक ब्लाक के भीतर विभिन्न सुविधाओं जायजा लिया। वह जहर सूचना केंद्र, केंद्रीय पुस्तकालय, व्याख्यान कक्ष, कैफेटेरिया, नर्सिंग कॉलेज,कन्वेंशन सेंटर, एमआरआई, सीटी और डिजिटल एक्स-रे सेवाओं के साथ-साथ 24 घंटे काम करने वाली लैब जैसी डायग्नोस्टिक सुविधाओं का निरीक्षण किया।
चंद्रा ने 24 घंटे संचालित रहने वाली डिजिटल लाइब्रेरी और इनडोर नेविगेशन सिस्टम का भी उद्घाटन किया। सचिव ने आपातकालीन सेवाओं, आईसीयू, ऑपरेटिंग थिएटर, आयुष ब्लॉक, नाइट शेल्टर और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का दौरा किया। कर्मचारियों,सी-डैक टीम, रोगी देखभाल प्रबंधकों, रोगी देखभाल समन्वयकों और फैकल्टी मेंबर से बात की। ज्ञान और सेवा की खोज में लगे रहने के लिए प्रोत्साहित किया। शिक्षा में निरंतर उत्कृष्टता और नवाचार के महत्व पर जोर दिया।
एम्स के कार्यकारी निदेशक और सीईओ प्रोफेसर डा शक्ति कुमार गुप्ता ने कहा केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव के दौरे ने एम्स जम्मू समुदाय को उत्साहित किया है। जिससे हमारे चल रहे प्रयासों में नई ऊर्जा और समर्पण का संचार हुआ है। ऐसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व से बातचीत और प्रोत्साहन ने विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा प्रदान करने के हमारे मिशन में अधिक से अधिक ऊंचाइयों को प्राप्त करने के लिए हमारे अभियान को बढ़ावा दिया है।