चिकित्सा शिविर के दौरान मौजूद जवान व डॉक्टर स्रोत सुशील शर्मा
जम्मू। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जम्मू के काॅर्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. सुशील शर्मा ने रविवार को 76 बीएन सीआरपीएफ हेडक्वार्टर गंग्याल में हृदय स्वास्थ्य जागरूकता और स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर का उद्देश्य हृदय रोग और उच्च रक्तचाप के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना था। डॉ. सुशील ने कहा कि उच्च रक्तचाप एक साइलेंट किलर है और इसे समय पर नियंत्रित करना जरूरी है। उन्होंने अमेरिकी हार्ट एसोसिएशन और अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी के नए दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए रक्तचाप निगरानी, जीवनशैली सुधार पर जोर दिया। उन्होंने आहार, शारीरिक गतिविधि, वजन नियंत्रण, शराब व धूम्रपान पर नियंत्रण और तनाव प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। डॉ. सुशील ने कहा कि हृदय और मस्तिष्क की सुरक्षा के लिए यह जरूरी है। कमांडेंट 76 बीएन सीआरपीएफ विजोटो टिनी, मेडिकल कमांडेंट डॉ. मोनिका पॉल सहित अन्य अधिकारियों ने डॉ. सुशील और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। शिविर में डॉ. भोला कुमार, डॉ. आदित्य शर्मा, पैरामेडिक्स और वालंटियर्स ने भी भाग लिया। ब्यूरो