श्रीनगर। उजाला सिग्नस अस्पताल के उद्घाटन के अवसर पर बोलते हुए उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि यह अस्पताल पूरी तरह डिजिटल है और सितंबर के अंत तक प्रदेश के सरकारी अस्पताल भी डिजिटल फंक्शन से जुड़ जाएंगे।
उ्न्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन का संकल्प स्थापित करने की कोशिश की गई है। युवा शक्ति की आर्थिक, सामाजिक प्रगति की संभावनाओं के लिए अनंत द्वार खोले गए हैं। चाहे वह मिशन यूथ हो या प्रधानमंत्री रोजगार जनरेशन कार्यक्रम सभी योजनाओं में जम्मू-कश्मीर देश के अन्य राज्यों के समांतर और बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उद्योग, विज्ञान, कृषि, प्राकृतिक संसाधनों के क्षेत्रों में पिछले दो-तीन वर्षों की उपलब्धियां केवल प्रशासन के कारण नहीं हुई हैं, बल्कि हमारे चुने हुए प्रतिनिधियों और जम्मू-कश्मीर के सामान्य नागरिकों के सहयोग से यह लक्ष्य प्राप्त कर सके हैं।
एलजी ने कहा, ई-गवर्नेंस श्रेणी में जम्मू-कश्मीर सभी केंद्र शासित प्रदेशों में पहले स्थान पर है, जबकि देश के अन्य राज्यों की तुलना में यह पांचवें नंबर पर है। आने वाले वर्षों में हम राज्यों में भी नंबर एक या दो नंबर पर होंगे। सिन्हा ने कहा, आजादी के 67 साल बाद जम्मू-कश्मीर में मात्र तीन मेडिकल कॉलेज थे और आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में 5 मेडिकल कॉलेज हैं और दो जल्द ही तैयार होंगे। इसके साथ दो एम्स भी स्थापित किए गए हैं। सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में 9966 करोड़ का मेडिकल क्षेत्र का बजट है। अब तक 22 अस्पतालों के प्रस्ताव हमने स्वीकार किए हैं। उम्मीद है कि सिग्नस अपनी अच्छी सेवाएं प्रदान करेगा।
-----
दूरदराज क्षेत्रों को बेहतर चिकित्सा
सुविधाएं देना लक्ष्य : घोसाल
उजाला सिग्नस ग्रुप ऑफ हास्पिटल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रबल घोषाल ने कहा कि अस्पताल को यहां पर स्थापित करने का उद्देश्य देश के सबसे दूरदराज के हिस्सों तक पहुंचना और कश्मीर घाटी में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करना है। ग्रुप के डायरेक्टर एवं फाउंडर डॉ. दिनेश बत्रा ने कहा, हमारा प्रयास है कि वंचित क्षेत्रों और लोगों तक सभी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएं। इस अस्पताल से न केवल गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। मौके पर डायरेक्टर डॉ. शुचिन बजाज, उजाला सिग्नस कश्मीर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. परवेज सोफी भी मौजूद रहे।
-------
ये सुविधाएं भी मिलेंगी अस्पताल में
इस अस्पताल में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक और ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी, लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, गायनोकोलॉजी, पीडियाट्रिक्स एंड नियोनेटोलॉजी, इंटरनल मेडिसिन, यूरोलॉजी, रुमेटोलॉजी, ऑन्कोसर्जरी, ऑप्थल्मोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ट्रॉमा और क्रिटिकल केयर आदि सुविधाएं हैं। इसके अलावा एक अत्याधुनिक रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट, फार्मेसी लैब और 24 घंटे एंबुलेंस सुविधाएं भी मिलेंगी।