श्रीनगर। स्वास्थ्य सेवा कश्मीर निदेशालय (डीएचएसके) ने बुधवार को कश्मीर के सभी जिला अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों को विशेष स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं देने का फैसला किया। डीएचएसके ने कश्मीर के सभी जिला अस्पतालों में वृद्धावस्था देखभाल इकाइयों की स्थापना का आदेश दिया है और प्रत्येक वीरवार को अलग टिकट काउंटर के साथ अलग वृद्धावस्था ओपीडी इकाइयां काम करेंगी। आदेश में कहा गया है कि अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की इच्छा के अनुसार, निदेशक स्वास्थ्य सेवा कश्मीर ने कश्मीर संभाग के सभी जिलों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में रिपोर्ट चार मार्च तक या उससे पहले निदेशालय को प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। निदेशालय ने एक अलग पत्र में सभी जिला अस्पतालों के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे प्रत्येक जिले से तीन डॉक्टरों को जेरियाट्रिक केयर में प्राथमिकी प्रशिक्षण के लिए नामित करें। एक अधिकारी ने बताया कि जिला अस्पतालों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सा अधीक्षकों को जेएलएनएम अस्पताल रैनावारी में वृद्धावस्था देखभाल पर पांच दिवसीय कार्यशाला के लिए प्रत्येक जिले से तीन चिकित्सकों या चिकित्सा अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने के लिए कहा गया है और तीन में से कम से कम अन्य जिला अस्पताल से होने चाहिए। यह कार्यशाला सात से 11 मार्च तक लगेगी।