कुछ दिनों से परेशान था युवक, दो बार कर चुका था आत्महत्या का प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। कस्बे स्थित सरकारी सिटी मिडिल स्कूल के कमरे की खिड़की से लटका एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान विपिन कुमार (25) पुत्र मदन लाल निवासी कोटली गला बना के रूप में की गई। शव मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस को जानकारी मिलने पर शव को कब्जे में लिया और उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया।
बताया जा रहा है कि विपिन कुमार रविवार शाम से ही परेशान था। उसने दो से तीन बार आत्महत्या करने का प्रयास भी किया था, लेकिन किसी तरह उसे परिजनों ने बचा लिया। इसके बाद वह घर से चला गया। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। मंगलवार सुबह स्कूल के एक कमरे की खिड़की से लटका उसका शव बरामद हुआ। परिजनों को जब स्कूल में एक युवक खिड़की से लटका होने का पता चला तो उन्होंने उसकी पहचान की। पुलिस ने शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया है। थाना प्रभारी पवन डोगरा ने कहा कि धारा 174 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।