श्रीनगर के बेमिना इलाके में स्थित हज हाउस से वीरवार को हाजियों का पहला जत्था सऊदी अरब के लिए रवाना हुआ। हज यात्री पवित्र यात्रा की शुरुआत के लिए हज हाउस में एकत्रित हुए। यात्रियों के पहले जत्थे में शामिल एक समूह को रिपोर्टिंग का समय सुबह 8:30 बजे निर्धारित किया गया था। दूसरे समूह को सुबह 11:30 बजे रिपोर्ट करना था, वहां से उन्हें विशेष निर्धारित बसों में श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचाया गया। जहां से दो उड़ानों में 642 यात्री जेद्दा के लिए सऊदी अरब को रवाना हुए।
एक हज यात्री ने कहा, सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए हम सरकार के आभारी हैं। हमें खुशी है कि अल्लाह ने हमें इस पवित्र यात्रा के लिए चुना है। मैं स्थायी शांति के लिए और जम्मू-कश्मीर में खुशहाली के लिए दुआ करूंगा। एक अन्य यात्री ने कहा, हमारे लिए हर एक सुविधा रखी गई है, ताकि कोई दिक्कत न हो। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी डॉ. शुजाहत कुरैशी ने कहा कि कुल 642 हज यात्री श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दो उड़ानों में रवाना हुए हैं। प्रासंगिक रूप से जम्मू-कश्मीर से कुल 7008 हज यात्री इस वर्ष पवित्र यात्रा पर जाएंगे।