विजेता टीम को ट्राॅफी देकर सम्मानित करते एडीजीपी जम्मू आनंद जैन
जम्मू। गुरु नानक क्लब रोटरी हॉकी कप का विजेता बना है। शनिवार को केके हक्कू स्टेडियम में आयोजित फाइनल मुकाबले में क्लब ने बीएसएफ की टीम पर 5-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। हॉकी कप में कुल 11 टीमों ने भाग लिया था।
रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में एडीजीपी जम्मू जोन आनंद जैन मुख्य अतिथि थे। फाइनल मुकाबला 70 मिनट तक चला। इसमें गुरु नानक हॉकी क्लब के खिलाड़ियों ने एक के बाद एक गोल कर टीम आसान और बड़ी जीत दिलाई। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले सक्षम को बेस्ट प्लेयर के रूप में चुना गया, जबकि इसी टीम के खिलाड़ी कुणाल वर्मा को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार दिया गया।
दोनों खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी दिया गया। जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग टूर्नामेंट आयोजित किया गया था। इसमें क्लब के जिला गवर्नर डॉ. दुष्यंत चौधरी, जसविंदर कुक्कू और पूर्व आईजीपी अशोक गुप्ता की अहम भूमिका रही थी। डिग्याना आश्रम से महंत मनजीत सिंह और रोटरी के जिला गवर्नर डॉ. पीएस ग्रोवर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। ब्यूरो