अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में चार आतंकी मददगारों को गिरफ्तार कर ग्रेनेड हमला करने वाले म़ड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इसी के साथ यारीपोरा में हुए ग्रेनेड हमले का भी खुलासा हो गया। इस हमले में कई नागरिक घायल हो गए थे। गिरफ्तार दहशतगर्दों से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।
मालूम हो कि 24 मई 2022 को यारीपोरा के मुख्य चौक पर दहशतगर्दों ने एक पुलिस पार्टी को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड फेंका गया था। हालांकि ग्रेनेड लक्ष्य से चूक गया और पास की भीड़ में जाकर फट गया, जिससे 13 लोग घायल हो गए। मामले को लेकर यारीपोरा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच चल रही थी।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान कुलगाम पुलिस ने सेना (1आरआर) के साथ मिलकर हमले में शामिल चार आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान नासिर नबी डार, मोहम्मद अब्बास डार - दोनों निवासी गुंडचहल फ्रिसल, आकिब माजिद गनई निवासी बदरू, यारीपोरा और जाहिद अली भट निवासी कोकरगुंड यारीपोरा के रूप में हुई है। इनके पास से एक पिस्तौल, 2 मैगजीन, 14 कारतूस, एक हथगोला, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य गोला-बारूद बरामद किया गया है।