अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। ग्रीन जेएंडके ड्राइव के तहत जम्मू-कश्मीर में मानसून में 175 लाख पौधे लगाए जाएंगे। ड्राइव को सफल बनाने के लिए पीआरआई और अन्य हितधारकों को शामिल किया जाएगा। जिलों में वनीकरण गतिविधियों को बढ़ाने की आवश्यकता पर जागरूकता कार्यक्रम करवाए जाएंगे। यह बात मुख्य वन संरक्षक रोशन जग्गी ने वन मुख्यालय एफआरएमसी में एक बैठक में कही। उन्होंने वन और संबद्ध विंगों के मानसून वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि पहल को सभी जिलों के 6,800 गांवों सहित 4,290 ग्राम पंचायतों तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि पीआरआई, गैर सरकारी संगठनों, छात्रों और सरकारी विभागों, ईको क्लब, पर्यावरण मित्रों की भागीदारी वनीकरण कार्यक्रम का हिस्सा होगी। चालू वर्ष में 24 नगर वाटिका स्थापित करेंगे। वन अभिलेखों के डिजिटलीकरण, सीमा स्तंभों के भू-संदर्भ और वन सीमा रेखाओं के नवीनीकरण तथा सुदृढ़ीकरण की कवायद शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग 480 जल संचयन संरचनाओं का विकास और नवीनीकरण भी कर रहा है।