अमर उजाला ब्यूरो जम्मू। शिवसेना बाला साहेब ठाकरे जम्मू-कश्मीर इकाई ने लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों में फंसे लोगों की घर वापसी को लेकर तुरंत एक्शन प्लान तैयार करने और उसे पूरा करने की मांग की है । पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मनीश साहनी ने कहा कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार 10 लाख से ज्यादा लोग घर वापसी के इंतजार में हैं , इससे पहले कि इन के सब्र का बांध टूटे , राज्य सरकारों को आपसी तालमेल बनाते हुए तुरन्त लोगों की घर वापसी को सुनिश्चित बनाना होगा। साहनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लॉकडाउन-2 के अपने भाषण में इन लोगों को नजरंदाज कर गए और गृह मंत्रालय द्वारा जारी गाइड लाईन ने भी इनके लिए कुछ नहीं है। मनीश साहनी ने कहा कि अब राज्य सरकारों को आगे आते हुऐ आपसी तालमेल की मिसाल कायम कर , इन्हें राहत पहुंचानी चाहिए। जम्मू-कश्मीर में बहुत से लोग जिनमें छात्रों समेत ईलाज को लेकर दूसरे राज्यों में फंसे मरीज और कुछ अपनी रोजी-रोटी कमाने को लेकर दूसरे राज्यों में थे घर वापसी की राह देख रहे हैं। शिवसेना ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल माननीय गिरीश चन्द्र मुर्मू से अपील की कि वह अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर इन लोगों को राहत पहुंचाएं। सूरत , महाराष्ट्र, बंगाल और पंजाब में हुई घटनाओं से संज्ञान लेते हुए तमाम राज्य सरकारों को अपने लोगो की घर वापसी पर तुरंत विचार करना होगा। उनका कहना था कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को ही लखनपुर से अंदर आने की अनुमति नहीं दी जा रही जो शर्म की बात है।