जम्मू विवि में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग की प्रतिस्पर्धा में किया नाम रोशन
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया/आरएस पुरा। सीमावर्ती क्षेत्र के गांव कूल कलां की निवाली सिमर कौर सैनी ने जिला स्तर पर लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जम्मू-कश्मीर खेल परिषद और ओलंपिक एसोसिएशन की तरफ से जम्मू विश्वविद्यालय में जिला स्तर पर अंडर-14 की प्रतिस्पर्धा में मुकाबले करवाए जा रहे हैं। इसके तहत सिमर कौर सैनी पुत्री गुरदीप सिंह सैनी ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता।
आठवीं की छात्रा सिमर ने बताया कि शुरू से ही उन्हें खेलकूद में दिलचस्पी है। पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलकूद में अक्सर अपना समय व्यतीत करती हैं। जिला स्तर के मुकाबले को लेकर वह काफी उत्साहित थीं। पूरी मेहनत और लगन के साथ उन्होंने मुकाबले में भाग लिया, जिसके चलते उन्हें स्वर्ण पदक मिला। उन्होंने बताया कि खेलों में भाग लेने के लिए हमेशा उनके माता-पिता की तरफ से उन्हें प्रेरित किया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा में गोल्ड मेडल हासिल करना है। सोमवार को पंचायत की तरफ से सिमर को सम्मानित किया गया। उन्हें खेलों में बड़े स्तर पर पहुंचने के लिए प्रेरित किया। पंचायत के लोगों ने बताया कि सिमर क्षेत्र की बेटियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत है।
पंचायत के सरपंच और सिमर के पिता गुरदीप ने कहा कि उनके परिवार वाले बेटी की उपलब्धि पर बड़ा गर्व महसूस कर रहे हैं। सरकार को पंचायत स्तर पर भी खेलों का आयोजन करवाना चाहिए, ताकि गांवों में छिपी प्रतिभा को सामने आने का मौका मिल सके। सिमर की माता राजविंदर कौर ने भी अपनी बेटी की सफलता पर खुशी प्रकट करते हुए कहा कि स्वर्ण पदक जीतकर बेटी ने साबित कर दिया है कि बेटी और बेटे में कोई अंतर नहीं है।