अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। विश्व हृदय दिवस पर शनिवार को जीएमसी के कॉर्डियोलाॅजी विभाग ने बिक्रम चौक से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तक वॉकथाॅन करवाकर स्वस्थ हृदय और जीवनशैली का संदेश दिया। इसमें स्कूली बच्चों के साथ हर वर्ग के लोगों ने कई बैनर हाथों में पकड़ रखे थे और स्वस्थ हृदय को लेकर जागरूक किया गया। दिल का उपयोग करें, दिल को जानें विषय पर निकाली गई वॉकथाॅन में वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए जीवनशैली में बदलाव जरूरी है।काॅर्डियोलाॅजी विभाग के एचओडी डाॅ. सुशील शर्मा ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वस्थ जीवनशैली, आहार प्राथमिकताएं और शारीरिक गतिविधियां जैसे निवारक उपायों की आवश्यकता है। दुनिया भर में बढ़ रही हृदय रोगियों की संख्या वैश्विक स्तर पर चिंता का विषय है। सीवीडी से हर साल 20.5 मिलियन लोगों की जान जा रही है, जो वैश्विक मौतों का 31 प्रतिशत है। ये प्रमुख रूप से दिल के दौरे और स्ट्रोक के रूप में होते हैं, जिसका कारण तंबाकू का सेवन, अस्वास्थ्यकर आहार, शारीरिक निष्क्रियता, शराब आदि का सेवन करना है।
न्यायमूर्ति संजीव कुमार ने कहा कि किसी भी बीमारी को रोकने के लिए मानव संकल्प से अधिक शक्तिशाली कुछ नहीं। सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि जम्मूवासियों ने समाज के हर वर्ग से जबरदस्त प्रतिक्रिया के साथ वॉकथॉन में भाग लेकर अपना संकल्प दोहराया है। वाॅकथाॅन में बीएसएफ जवानों के साथ जम्मू संस्कृति स्कूल, वजीर जानकी नाथ मेमोरियल, लॉरेंस पब्लिक स्कूल और महा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल के छात्रों ने हिस्सा लिया। मौके पर डॉ. नितिन शर्मा, डॉ. शक्ति गुप्ता, डॉ. नरेंद्र सिंह, डीआईजी शक्ति पाठक, डीआईजी एनआईए राजीव पांडे, डॉ. राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।