अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। केरल स्टोरी फिल्म पर टिप्पणी के बाद जीएमसी के यूजी छात्रावास में छात्रों के बीच हुई मारपीट के मामले में कॉलेज प्रशासन की अनुशासन समिति द्वारा जांच जारी है। समिति ने दस छात्रों के बयान दर्ज किए हैं। शनिवार को और छात्रों को बुलायाहै। बयानों और सुबूतों के आधार पर रिपोर्ट को तैयार किया जा रहा है। घटना के पांच दिन हो गए हैं और समिति को सात दिन के भीतर रिपोर्ट तैयार करनी है। वहीं, पुलिस भी अपने स्तर पर जांच कर रही है। फिलहाल किसी छात्र को गिरफ्तार नहीं किया है।
कॉलेज प्रशासन की ओर से गठित संकाय सदस्यों की समिति नियमित तौर पर छात्रावास में छात्रों की काउंसलिंग करने के साथ समस्याएं सुन रही है। छात्रावास में निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है। इसके अलावा छात्रों की मांगों और समस्याओं को भी प्राथमिकता पर लिया जा रहा है। ऐसा भी सूचना है कि आगामी दिन में मारपीट के मामले में दोनों पक्षों में समझौता हो सकता है।