अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। गर्मियों में जीएमसी के वार्डों में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को ठंडी हवा की सुविधा मिल सकती है। सरकार ने जीएमसी के शेष वार्डों और ओपीडी सेक्शन में वातानुकूलित (एयर कंडीशन) करने के प्रावधान को प्रशासनिक मंजूरी दी है। इस पर अनुमानित 9.94 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. सईद आबिद रशीद शाह की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि इंजीनियर इन चीफ, लोक निर्माण विभाग से डीपीआर बनाई जाएगी। निविदा व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद काम शुरू होगा। हाई साइड उपकरणों को स्थापित करने के लिए डिजाइन सप्लाई पर 58350000, चिल्ड वाटर पाइपिंग वॉल्वस पर 9618500, इलेक्ट्रिकल उपकरण व पैनल और केबल के लिए 6307500, सिविल कार्यों के लिए 750000, सब स्टेशन व उससे जुड़े कार्यों के लिए 12911500, पांच साल से अधिक वारंटी व रखरखाव के लिए 9500000 रुपये खर्च किए जाएंगे। आकस्मिकता के लिए 2.5 प्रतिशत के हिसाब से 1948750 रुपये रखे गए हैं।