पुंछ में सैन्य वाहन पर हुए आतंकी हमले के आठवें दिन भी सुरक्षाबलों दोनों सीमावर्ती जिलों में दहशतगर्दों की तलाश में जुटे रहे। घनेजंगलों वाले इलाके में जमीनी अभियान के साथ सेना ड्रोन व चॉपर से भी लगातार सुरक्षाबल तलाशी अभियान चला रहे हैं।
पुंछ जिले के देहरागली और उसके आस पास के क्षेत्रों में जबकि राजोरी के डीकेजी, थन्नामंडी, दरहाल, शाहदरा शरीफ, मंजाकोट, कोटरंका बुद्धल के जंगलों को सुरक्षाबलों ने खंगाला। इस बीच दोनों जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा वीरवार को छठे दिन भी बंद रही।
पुंछ जिले में पुलिस के विशेष कार्य बल (एओजी) ने देहरागली,सावनी गली,टोपापीर,बरयानी गली और चमरेड में आतंकियों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान जारी रखा। क्षेत्र निवासियों से इस बात का पता लगाने के भी प्रयास किए जाते रहे कि कहीं किसी ने किसी अनजान अथवा संदिग्ध व्यक्ति को तो नहीं देखा है।
जारी रहेगा तलाशी अभियान
गौरतलब है कि पिछले वीरवार को आतंकियों ने पुंछ राजोरी वाया देहरागली मार्ग पर सावनी गली क्षेत्र में 48 राष्ट्रीय राइफल के दो वाहनों पर घात लगा हमला किया था। इसमें चार जवान बलिदान हो गए थे। इसके बाद से चल रहा यह तलाशी अभियान अभी कुछ दिन और भी जारी रहने की संभावना है।