अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। विपक्षी पार्षदों के हंगामे के साथ स्थगित नगर निगम की जनरल हाउस की बैठक आज फिर होगी। 24 जून को हुई बैठक में भाजपा पार्षद यशपाल की ओर से निर्दलीय पार्षद युद्धवीर सिंह को खालिस्तानी कहने का मामला गर्माएगा। विपक्ष में मौजूद कांग्रेस, एनसी और निर्दलीय पार्षद मेयर राजेंद्र शर्मा को घेरेंगे। सदन में जमकर हंगामा होने के आसार हैं। इसके अलावा शहर में बिजली-पानी, नालियों, गलियों और अन्य मु्द्दों को लेकर भी चर्चा होगी। वहीं, मीडिया को भी जनरल हाउस में आने की अनुमति नहीं दी गई है। पिछली बैठक में कवरेज के लिए कोई रोक नहीं थी।
चार दिन पहले चार महीने के बाद नगर निगम हाउस की जनरल हाउस की बैठक हुई। उस दौरान भाजपा-निर्दलीय पार्षदों के बीच बहस हो गई। जब भाजपा पार्षद ने निर्दलीय पार्षद को खालिस्तानी कहा तो विपक्षी पार्षदों ने जनरल हाउस का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद जनरल हाउस को स्थगित कर दिया गया।