अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बुनियादी ढांचे और शिक्षण मानक बढ़ाने, अत्याधुनिक अनुसंधान प्रयोगशालाओं की स्थापना, छात्रों और कर्मचारियों के लिए व्यापक क्षमता निर्माण कार्यक्रम के कारण गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (जीसीईटी) जम्मू को सभी पांच स्नातक इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों के लिए राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए) से मान्यता मिली है। एनबीए की मान्यता पाने वाला जीसीईटी प्रदेश का पहला इंजीनियरिंग संस्थान बना है।
मान्यता मिलने से कॉलेज से पढ़ाई करने वाले छात्रों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक प्रतिष्ठानों में पसंदीदा विकल्प मिलता हैं, क्योंकि ये एनबीए मान्यता प्राप्त कॉलेज के विद्यार्थियों को प्राथमिकता देता है। मान्यता प्राप्त कॉलेज से डिग्री करने वाली विद्यार्थियों को रोजगार के भी बेहतर अवसर मिलते हैं। साथ ही संस्थान अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से वित्तीय पोषण और प्रोत्साहन प्राप्त करने में भी सक्षम होगा। कॉलेज प्राचार्य डॉ. समेरू शर्मा ने कहा कि टीम ने तीन दिन कॉलेज का दौरा कर सुविधाओं के साथ-साथ बच्चों के शैक्षणिक स्तर की जांच की थी। उच्च शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव आलोक कुमार के मार्गदर्शन से संभव हुआ है। ब्यूरो
एम टेक कार्यक्रम के लिए एआईसीटीई से मिली मंजूरी
जीसीईटी को 2023-24 सत्र से सिविल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में एम.टेक कार्यक्रम शुरू करने के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से मंजूरी मिली है। कॉलेज ने ईएंडसी इंजीनियरिंग, कंप्यूटर इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में एम.टेक कार्यक्रम शुरू किया है, जो प्रदेश के छात्रों को लाभ देगा।