अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। गाड़ीगढ़ में व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक डेंगू से पीड़ित था, लेकिन आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक के घर पहुंचकर जानकारी ली है और मौत के कारण के बारे में पता लगाया जा रहा है। यह जानकारी ली जा रही है कि डेंगू के अलावा किसी अन्य शारीरिक समस्या से तो पीड़ित की मौत नहीं हुई। विशेषज्ञों के अनुसार अक्तूबर और नवंबर के बीच मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। मानसून की बारिश के बाद लारवा पनपने में मदद मिली है। वहीं, प्रदेश में वीरवार को 73 मामले मिले, जिससे 1886 संख्या पहुंच गई। नए मामलों में जिला जम्मू में 55 हैं। अब तक जम्मू में सर्वाधिक 1367 डेंगू के मामले मिल चुके हैं, जो कुल मामलों में करीब 70 प्रतिशत हैं। इसके अलावा उधमपुर में 16 मामलों के साथ आंकड़ा 97 पहुंच गया है और तीन डेंगू मरीजों की मौत हो चुकी है। सांबा और कठुआ में 1-1 मामला मिला।