अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू में कड़ाके की ठंड से जनजीवन पटरी से उतरता नजर आ रहा है। घने कोहरे के कारण मंंदिरों के शहर में शाम के बाद 100 मीटर से कम दृश्यता रह गई है। इससे हादसों की आशंका बढ़ी है और सड़कों पर वाहन रेंगते हुए जा रहे हैं। शाम के बाद खरीदार नहीं दिख रहे। बाजार 2 घंटे पहले ही बंद हो रहे हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ा है।
इस साल में अब तक दिन का अधिकतम तापमान 10 से 14 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 7 से 5 डिग्री के बीच चल रहा है। पिछले दस साल के रिकॉर्ड को देखें तो जम्मू का न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक रहा। नए साल की शुरुआत से पड़ रहा घना कोहरा और कड़ाके की ठंड से लगता है कि आगामी दिनों में यह पिछले सालों का रिकॉर्ड तोड़ देगी। पारे में भारी गिरावट से लोग घरों में दुबक गए है। बाजार में रौनक कम हो गई है। रघुनाथ बाजार बिजनेसमैन एसोसिएशन के प्रधान संजय गुप्ता ने बताया कि खराब मौसम से व्यापार प्रभावित हुआ है। अमूमन दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक ग्राहकों की आवाजाही है। इसके बाद बाजार सूने पड़ रहे हैं। राजतिलक रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के पूर्व प्रधान विमल गुप्ता ने बताया कि दिनभर कोहरे से आम दिनों के मुकाबले बाजार में कम ग्राहक पहुंच रहे हैं। खासतौर पर शाम के बाद घना कोहरा और तापमान में अधिक गिरावट से दुकानें भी समय से दो घंटे पहले बंद करनी पड़ रही हैं। दिसंबर की तुलना में जनवरी में अचानक सर्दी में वृद्धि हुई। सर्दी से बचाव के लिए लोग सभी उपाय कर रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जम्मू के अनुसार कोहरे के साथ 100 मीटर से कम दृश्यता रह गई।
इंफ्लुएंजा वायरल संक्रमण और सक्रिय
लगातार पारा गिरने से इंफ्लुएंजा वायरल संक्रमण का प्रभाव बढ़ गया है। खासतौर पर शारीरिक रूप से कमजोर बच्चे और बुजुर्ग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। एसएमजीएस अस्पताल के बाल रोग विभाग के एचओडी डॉ. जीएस सैनी के अनुसार ठंड बढ़ने से इंफ्लुएंजा संबंधी मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। रोजाना कई बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है। एक साल से कम आयु वाले बच्चों की सेहत पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। जीएमसी की मेडिसिन ओपीडी में भी मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। खांसी, जुकाम, बुखार से संबंधी अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।
4 दिन में मौसम का हाल
तिथि अधिकतम, न्यूनतम तापमान
4 जनवरी 10.6, 4.7
3 जनवरी 14.4, 7.0
2 जनवरी 10.8, 7.7
1 जनवरी 13.2, 7.3
कश्मीर में कोविड का एक और मामला
जम्मू। पारा गिरने के साथ कोविड मामलों की आना जारी है। वीरवार को कश्मीर में एक और कोविड मरीज मिला। अब तक प्रदेश में आठ मामले मिल चुके हैं, जिसमें जम्मू संभाग से 3 और कश्मीर में 5 सक्रिय केस हैं। पिछले चौबीस घंटे में प्रदेश में 365 लोगों के कोविड परीक्षण किए गए।