अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में पुलिस ने अन्य सुरक्षाबलों के साथ मिलकर बुधवार को लश्कर-ए-ताइबा से जुड़े पांच आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। इन्हें खाग इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार आतंकी मददगारों की पहचान भाटांगण खाग के रूफ अहमद वानी, बथिपोरा खाग के हिलाल अहमद मलिक और शौकत अली डार, नवरोज बाबा खाग के तौफीक अहमद डार और डार मोहल्ला नवरोज बाबा खाग के दानिश अहमद डार के तौर पर हुई है। अधिकारी ने बताया कि आतंकी सहयोगियों के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। सभी बरामद सामग्रियों को जांच के लिए केस रिकॉर्ड में ले लिया गया है। पुलिस स्टेशन खाग में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है।