परगवाल। तहसील परगवाल के गांव भलवाल भारत में बुधवार देर रात एक किराना दुकान में आग लगने से अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकान मालिक सुखदेव सिंह ने बताया कि हर रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर के बाहर बने शैड में सोने के लिए चला गया। दुकान उनके घर के साथ सटी हुई है। देर रात उनके घर वालों को दुकान का शटर खुलने और बंद होने की आवाज भी आई थी लेकिन घर में केवल महिलाएं होने के कारण वह बाहर नहीं निकलीं। इसके बाद मोहल्ले वालों ने उनको दुकान में आग लगी होने की जानकारी दी। लोगों ने किसी तरह पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखा सारा सामान जिसमें कुछ नगदी भी थी जलकर राख हो चुका था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।