संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। कटड़ा मार्ग पर स्थित सिंबल चोया इलाके के जंगल वीरवार को आग की चपेट में आ गए। सड़क के दोनों किनारों की तरफ लगे चीड़ के पेड़ जल गए। जंगल में से धुआं निकलता देखा गया। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि आग लगने के बाद जंगल में रहने वाले जानवरों के चिल्लाने की आवाजें भी आईं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि कई जानवर आग की चपेट में आए हैं। कई जानवर जंगल से निकल कर सुरक्षित स्थान की तरफ जाते देखे गए। बताते चलें कि पिछले चार दिन के भीतर ग्रा मोड़, भागा, सिंबल चोया, सुजनधार, अंजी क्षेत्र के जंगलों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं।