अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। शहर के शेर-ए-कश्मीर पार्क के पास स्थित पीडीपी हेडक्वार्टर के पास जम्मू-कश्मीर एस्टेट विभाग के एक स्टोर में सोमवार की सुबह आग लग गई। एक अधिकारी ने बताया कि आग एस्टेट विभाग के स्टोर में लगी थी, जो पीडीपी कार्यालय के पीछे स्थित था और इसका सीधा असर इमारत पर नहीं पड़ा। अग्नि एवं आपातकालीन सेवा विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में एक अग्नि एवं आपातकालीन सेवा के कर्मचारी को मामूली चोटें आई हैं जबकि समय पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।