घगवाल एसडीएम ने डीसी को दी मामले की जानकारी, कार्रवाई की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के घगवाल में सोमवार को बार एसोसिएशन के सदस्यों और एसडीएम के बीच हुई कहासुनी के बाद एसडीएम ने मंगलवार को उपायुक्त से मिल कर मामला दर्ज करवाने की अपील की है। साथ ही पुलिस ने भी उनका बयान दर्ज किया है। अब इस घटना में एक वकील पर मामला दर्ज हो गया है।
एसडीएम सुनैना सैनी ने बताया कि बीते शुक्रवार को हुई घटना के बाद उसी दिन एक वकील के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया था। लेकिन, तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। फिर सोमवार को बार एसोसिएशन के सदस्यों की ओर से कार्यालय में किए हंगामे बारे में भी उन्होंने उपायुक्त सांबा अभिषेक शर्मा को बताया और मामला दर्ज कराने की अपील की। उपायुक्त ने उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। एसडीएम ने बताया कि उन्होंने अपने उच्च अधिकारियों को भी सारी घटना की जानकारी दे दी है।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को भूमि की रजिस्ट्री को लेकर एक वकील और एसडीएम के बीच कहासुनी हो गई। तब एसडीएम ने वकील के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराने की बात कही थी। इसके बाद सोमवार को बार एसोसिएशन के सदस्यों ने एसडीएम कार्यालय में पहुंच कर प्रदर्शन किया। उन्होंने उपायुक्त कार्यालय में भी रोष जाहिर किया। वह मांग कर रहे थे कि एसडीएम का तबादला किया जाए, क्योंकि वह वकील समुदाय की अनदेखी कर रही हैं।
एक वकील के खिलाफ धारा 186 के तहत मामला दायर किया गया है। मामले में एसडीएम का बयान भी दर्ज किया है।
- भारत भूषण, एसएचओ, घगवाल