नवरात्र और रामनवमी की तैयारियों की समीक्षा करते एडीसी हरविंदर सिंह: स्रोत सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नवरात्र और रामनवमी की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त हरविंदर सिंह ने दशहरा और अन्य त्योहारों की भी तैयारियों पर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। जम्मू नगर निगम को मंदिरों और शहर के आसपास स्वच्छता बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इसमें सार्वजनिक क्षेत्रों की नियमित सफाई और फॉगिंग शामिल है। इसके अतिरिक्त प्रमुख मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों के पास पानी की टंकियों व मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था करने के लिए कहा गया। लोक निर्माण विभाग को यह सुनिश्चित करने का काम दिया गया है कि महत्वपूर्ण स्थानों की ओर जाने वाली सड़कें, विशेष रूप से बिक्रम चौक से बाग-ए-बाहु रोड की हालत ठीक करें। प्रमुख मंदिरों में नियमित पेयजल आपूर्ति देने व निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बाहु किले में एंबुलेंस सेवाओं सहित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने औऱ यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी संबंधित विभाग को दी गई। परिवहन विभाग को बाहु फोर्ट तक सेवाएं बढ़ाने के निर्देश दिए गए।