आरएस पुरा। कृषि विज्ञान केंद्र आरएस पुरा में सोमवार को उप जिला अखनूर के किसानों को औषधीय एवं सुगंधित पौधों के महत्व तथा उनकी खेती के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। कृषि विभाग के सहयोग से हॉलिस्टिक एग्रीकल्चर डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत 50 किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र आरएस पुरा जम्मू के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. पुनीत चौधरी मुख्य तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जबकि कृषि विभाग के उप जिला अधिकारी अखनूर ओपी शर्मा के साथ-साथ कृषि विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
कृषि विज्ञान केंद्र जम्मू के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. पुनीत चौधरी ने बताया कि एक सप्ताह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को औषधीय और सुगंधित पौधों के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अखनूर क्षेत्र में फसलों को बंदरों द्वारा नुकसान पहुंचाया जाता है लेकिन अगर किसान औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती करेंगे तो इससे नुकसान काफी कम होगा। इस मौके पर कृषि विभाग के साथ-साथ कृषि विज्ञान केंद्र जम्मू के वैज्ञानिकों ने किसानों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी।