दोमाना। पूर्व मंत्री व भाजपा वरिष्ठ नेता सुखनंदन चौधरी ने किसानों को जागरूक करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने 2023-24 (न्यूनतम + समर्थन मूल्य) 17 खरीफ फसलों और वेरिएंट के लिए एमएसपी को मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने धान के लिए पिछले साल की तुलना में 143 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी निर्धारित किया है।
सुखनंदन चौधरी ने गजंनसू मढ़ में कहा कि कृषि क्षेत्र में सबसे अधिक वृद्धि हुई है। इस वर्ष खरीफ फसलों के एमएसपी में वृद्धि पिछले वर्षों की तुलना में सबसे अधिक है। धान के अलावा प्रमुख दलहनों के लिए भी नए एमएसपी निर्धारित किए गए हैं। मूंग के लिए एमएसपी 8,558 रुपये प्रति क्विंटल है, जो पिछले साल से 803 रुपये अधिक है, जो खरीफ फसलों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी है। तुअर या अरहर के लिए एमएसपी 7,000 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जो उत्पादन लागत से 58 प्रतिशत अधिक होने का अनुमान है। किसानों को उनकी उत्पादन लागत पर अपेक्षित मार्जिन बाजरा (82 प्रतिशत) के बाद अरहर (58 प्रतिशत), सोयाबीन (52 प्रतिशत) और उड़द (51 प्रतिशत) के मामले में सबसे अधिक होने का अनुमान है। बाकी फसलों के लिए किसानों को उनकी उत्पादन लागत पर मार्जिन कम से कम 50 प्रतिशत मार्जिन होने का अनुमान है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जम्मू-कश्मीर के किसानों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व सरपंच ओम प्रकाश, गिरधारी लाल, काका, तरसेम, मोहन लाल और मूल राज आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संवाद