बिलावर। मौसम में बदलाव आने से फिर से बादल छाने लगे हैं। इस कारण धान की फसल को समेटने में जुटे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान बिट्टू राम, ज्ञानचंद और प्रमोद कुमार ने बताया कि बारिश होने से धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।
सिंचाई वाले क्षेत्रों में किसानों ने धान की फसल को समेट लिया है, लेकिन जहां फसल की रोपाई 15 दिन बाद की गई है वहां पर फसल की कटाई का काम जारी है। मौसम की बेरुखी को देखते हुए वह धान की फसल को जल्द समेट रहे हैं। ज्यादातर फसल की कटाई शेष है। कृषि विभाग के अनुसार मौसम में आए परिवर्तन से तापमान में गिरावट जारी है। ऐसे में किसानों को बारिश को ध्यान में रखकर ही फसल की कटाई करनी चाहिए। मंगलवार को इलाके का अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।