फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: मृतक अवतार सिंह के परिजनों ने चार घंटे बंद रखा राजमार्ग, राजभवन तक पहुंचा मामला

विज्ञापन
एलजी मनोज सिन्हा से मिलते मृतक अवतार सिंह के पिता बलवीर सिंह समेत अन्य: स्रोत एलजी कार्यालय
विज्ञापन
- मृतक अवतार सिंह के परिजनों ने किया प्रदर्शन, चौकी प्रभारी व थानेदार को बर्खास्त करने की माग
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। ग्रेटर कैलाश हत्या मामले में वीरवार को मृतक अवतार सिंह के परिजनों ने प्रदर्शन किया। ग्रेटर कैलाश चौक को चार घंटे बंद रखा गया, जिससे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध रहा। परिजनों के साथ जट्ट बिरादरी समेत कई अन्य संगठनों और गणमान्य लोगों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। परिजनों ने मांग की कि इस मामले में गोला शाह, प्रापर्टी डीलर पुरषोत्तम समेत मौका ए वारदात पर मौजूद तमाम हमलावरों पर 302 के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। परिवार के लोगों ने यह मांग भी उठाई कि चौकी प्रभारी पुनीत शर्मा और गंग्याल के एसएचओ हरमोहिंदर सिंह ने हमलावरों और भू माफिया का साथ दिया, उन्हें निलंबित नहीं बल्कि नौकरी से बर्खास्त किया जाए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता तरणजीत टोनी ने यहां तक आरोप लगाया कि इस मामले में जम्मू के पूर्व मंडलायुक्त संजीव वर्मा भी शामिल हैं जिन्होंने अपने पिता के नाम पर भू माफियाओं के साथ मिलकर जमीनों पर कब्जे किए हुए हैं। बता दें कि जमीनी विवाद में कालूचक के रहने वाले अवतार सिंह की मौत हो गई थी।
सिर्फ पीएसए लगाने से भड़के
परिजनों ने भू माफिया गोला शाह पर सिर्फ पीएसए लगाने पर कड़ा एतराज जताया। कहा कि वह पिछले 20 वर्ष से लोगों की जमीनें हड़प रहा है। उस पर चार बार पीएसए लग चुका है क्योंकि राजस्व विभाग और पुलिस से मिलीभगत है। इसलिए उसे बचाने के लिए कुछ महीने का पीएसए लगा दिया जाता है। जट्ट नेता तरणजीत टोनी ने कहा कि पूर्व मंडलायुक्त संजीव वर्मा का भी इसमें बड़ा हाथ है।
विज्ञापन

डीआईजी के आश्वासन पर धरना हटाया
सुबह 11 बजे ही मृतक अवतार सिंह की मां, भाई और रिश्तेदार प्रदर्शन के लिए ग्रेटर कैलाश चौक पर पहुंच गए। उनके साथ बड़े स्तर पर स्थानीय लोग मौजूद थे। दोनाें तरफ से रोड को बंद कर दिया गया। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन परिवार के लोग इस बात पर अड़े रहे कि चौकी प्रभारी और थानेदार को नौकरी से बर्खास्त किया जाए। साथ ही गोला शाह समेत अन्य पर धारा 302 का केस दर्ज किया जाए। पहले एसपी साउथ अजय कुमार, फिर एसएसपी जम्मू विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात की लेकिन कोई सहमति नहीं बनी। बाद में दोपहर तीन बजे डीआईजी सुनील गुप्ता मौके पर पहुंचे। परिजनों और अन्य से बात की। आश्वासन दिया कि मामले की जांच उच्च स्तर पर होगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद लोग धरने से हटे।
आज न्यूजीलैंड से पहुंच सकती है पत्नी
अवतार सिंह का वीरवार को संस्कार नहीं किया गया क्योंकि वह न्यूजीलैंड का नागरिक भी था। साथ ही उसकी पत्नी और बच्चे वहीं पर रहते हैं। शुक्रवार को उसकी पत्नी के यहां पहुंचने की उम्मीद है जिसके बाद ही संस्कार किया जा सकता है।
विज्ञापन

मामले की उच्च स्तरीय व तेजी से जांच होगी : एलजी
अवतार सिंह के पिता बलवीर सिंह ने सिख समुदाय के नेता अजीत सिंह की अध्यक्षता में एलजी मनोज सिन्हा से श्रीनगर में मुलाकात की। उन्हें एक ज्ञापन सौंप मामले की गहनता से जांच कराने की मांग की। इस मौके पर डीजीपी आरआर स्वैन भी मौजूद थे। एलजी ने आश्वासन दिया कि मामले की उच्च स्तरीय और तेजी से जांच होगी। जो कोई भी दोषी होगा, उन पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए डीजीपी को उन्होंने आदेश दिए।
महंत मंजीत सिंह ने परिवार से बंधाया ढांढस
सिख समुदाय के महंत मंजीत सिंह भी इस मामले को लेकर धरनास्थल पर पहुंचे। परिजनों और अन्य से बातचीत की। परिवार से ढांढस बंधाते हुए उनको हौसला दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें