अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं, 11वीं और 12वीं (हार्ड जोन) की बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी है। 10वीं की परीक्षा आठ अप्रैल से नौ मई, 11वीं की 12 अप्रैल से 14 मई और 12वीं की 11 अप्रैल से 15 मई तक होगी। तीनों कक्षाओं की परीक्षाएं एक शिफ्ट में सुबह 11 बजे से शुरू होंगी। कश्मीर संभाग में हार्ड जाने में तीन बोर्ड कक्षाओं के कुल 183, जम्मू संभाग में 450 और लेह जिले में 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी डेटशीट में 10वीं की परीक्षा एक महीने एक दिन तक चलेगी। इसी तरह 11वीं की एक महीना दो दिन और 12वीं की एक महीना चार दिन तक चलेगी। 10वीं कक्षा की पहली परीक्षा आठ अप्रैल को व्यवसायिक विषयों की है। इसके बाद 10 अप्रैल को सोशल साइंस, 13 को अतिरिक्त विषय, 20 को इंग्लिश, 26 को गणित, 30 को उर्दू/हिंदी, चार मई को विज्ञान और नौ मई को म्यूजिक विषय की परीक्षा होगी। 11वीं कक्षा की पहली परीक्षा 12 अप्रैल को व्यवसायिक विषय की होगी। इसके बाद 15 अप्रैल को विज्ञान संकाय में बॉटनी और जूलॉजी, आर्ट्स में पॉलिटिकल साइंस, कामर्स संकाय में अकाउंटेंसी, विज्ञान संकाय में 25 अप्रैल को गणित, आर्ट्स संकाय में गणित, होम साइंस में फूड साइंस, 28 अप्रैल को बॉयोटेक्नॉलोजी, माइक्रोबायोलजी, बॉयोकेमिस्ट्री, आर्ट्स संकाय में उर्दू, हिंदी, कश्मीरी, डोगरी, पंजाबी, बोटी, होम साइंस संकाय में फैमिली हेल्थकेयर, दो मई केमिस्ट्री, संस्कृति, उद्यमिता, छह मई को इंग्लिश, आठ मई को कंप्यूटर साइंस, 11 मई को फिजिक्स, लोक प्रशासन और 14 मई को जियोग्राफी विषय का पेपर होगा।
12वीं का पहला पेपर व्यावसायिक विषय का होगा
12वीं कक्षा में 11 अप्रैल को पहला पेपर व्यावसायिक विषय, 17 अप्रैल को कंप्यूटर साइंस, 24 को इंग्लिश, 27 को केमिस्ट्री, एक मई को बॉटनी, जूलॉजी, 10 को फिजिक्स, 13 को बॉयोटेक्नॉलोजी, माइक्रोबायोलजी, बॉयोकेमिस्ट्री और 15 मई को गणित विषय की परीक्षा होगी।