अरनिया। क्षेत्र के गांव सलेह में वीरवार को खेत में एक शव मिलने से हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव की पहचान जागीर सिंह पुत्र बिहारी लाल निवासी सलेह के रूप में हुई है।
परिवार के सदस्यों के अनुसार 45 वर्षीय पूर्व सैनिक जागीर सिंह बुधवार शाम को खेतों में पशुओं के लिए चारा लेने गए थे, मगर लौट कर वापस नहीं आए। वहीं, वीरवार सुबह किसी ने गांव के खेतों में जागीर सिंह का शव पड़ा मिलने की सूचना पुलिस व परिवार को दी। सूचना पर अरनिया पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अरनिया पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया।