जम्मू। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) जम्मू-कश्मीर और लद्दाख ने सोमवार को जिला प्रशासन के सहयोग से डीसी कार्यालय सांबा में जागरूकता आउटरीच कार्यक्रम निधि आपके निकट 2.0 का आयोजन किया। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जम्मू-कश्मीर और लद्दाख रिज़वान उद्दीन ने सत्र का उद्घाटन किया। उन्होंने वर्तमान परिदृश्य में सामाजिक सुरक्षा के महत्व को समझाया। कर्मचारी पेंशन योजना 1995 और कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा योजना 1976 की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डाला। बताया कि किसी कर्मचारी (कम से कम एक वर्ष तक भविष्य निधि का सदस्य) की सेवा में रहते हुए मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति न्यूनतम 2.5 लाख रुपये के बीमा का हकदार है। ईडीएलआई योजना के तहत अधिकतम बीमा 7 लाख है। ईपीएफओ उन कर्मचारियों के परिवारों को मासिक पेंशन दे रहा है जो कुछ महीने पहले दुर्घटना का शिकार हो गए थे।
प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण पहलों ई-नामांकन, ऑनलाइन दावा, प्रधान नियोक्ता डैशबोर्ड, यूएएन में केवाईसी का अद्यतनीकरण से भी अवगत कराया गया। संयुक्त घोषणा, मृत्यु मामलों के माध्यम से सदस्य प्रोफाइल के अद्यतनीकरण से संबंधित शिकायतों को सुना गया और पंजीकरण कराया गया। जम्मू के अलावा खैबर इंडस्ट्रीज, खान्मोह, श्रीनगर में अंकुर जान्घू जिला नोडल अधिकारी द्वारा निधि आपके निकट 2.0 कार्यक्रम कराए। अन्य कार्यक्रम में सिंध पब्लिक स्कूल, शेयनम लेह में पवन कुमार जिला नोडल अधिकारी मौजूद रहे।