अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में फिर ज्ञान-विज्ञान का मंच सजेगा। देशभर की नामी आईटी कंपनियां, शिक्षण संस्थानों के छात्र नवाचार और आइडिया लेकर पहुंचेंगे। कई स्टार्टअप की शुरुआत होगी। संस्थान के छात्र भी आइडिया साझा करेंगे। कंपनियां बड़े प्रोजेक्टाें की तकनीक से रूबरू कराएंगी। खरगपुर आईआईटी के सहयोग से इसका आयोजन किया जाएगा।
प्रिंसिपल डॉ. समीरू शर्मा ने बताया कि 22 से 23 फरवरी तक राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सम्मेलन होगा। यह 9वां वार्षिक आयोजन है। देशभर के शिक्षण संस्थान, कंपनियां हिस्सा लेती हैं, जो छात्रों को तकनीकी जानकारी देती हैं। छात्र आइडिया लेकर आते हैं। यह एक ऐसा मंच है, जहां से नए स्टार्टअप का मौका मिलता है। छात्रों को बड़े स्तर पर नौकरी लेने या फिर रोजगार शुरू करने का अवसर मिलता है। करीब 3 हजार छात्रों के पहुंचने की उम्मीद है, जो अपने प्रोजेक्ट पेश करेंगे। इसमें हिस्सा लेने के लिए प्रवेश शुरू हो गया है। 10 फरवरी तक आवेदन किया जा सकता है। तकनीक के क्षेत्र में यह एक सुनहरा अवसर है।
प्रदर्शनी का उद्देश्य शोधकर्ताओं, अभ्यासकर्ताओं, शिक्षकों के लिए प्रमुख विषय मंच प्रदान करने, उद्यमी नवीनतम नवाचारों, रुझानों और व्यावहारिक चुनौतियों को प्रस्तुत कर चर्चा करने, विभिन्न इंजीनियरिंग विषयों के क्षेत्र में अपनाए समाधान, छात्रों/उद्योग/स्टार्टअप को कामकाजी मॉडल प्रदर्शित करने, परियोजनाएं/व्यावसायिक योजनाएं/अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियां/उपलब्धियां बताने, युवा नवोदित इंजीनियरों को अपनी मानसिकता को फिर बदलने के लिए प्रेरित करना है।