गांव प्रला प्राइमरी स्कूल की भूमि मामले में मौजूद सरपंच पंच सहित अन्य ग्रामीण
आरएस पुरा। गांव प्रला के सरकारी प्राइमरी स्कूल की भूमि पर कब्जा करने के मामले में वीरवार को पंचायत की तरफ से ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें कब्जे का प्रयास करने वाले परिवार को सदस्य को एक सप्ताह के अंदर टूटी दीवार का निर्माण कराने और परिसर में खड़े ट्रैक्टर ट्राली को हटाने के लिए कहा गया। ऐसा न करने की स्थिति में कानून के तहत कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को गांव प्रला में बंद पड़े सरकारी प्राइमरी स्कूल की भूमि पर कब्जा करने का मामला प्रकाश में आया। दरअसल 50 वर्ष पूर्व गांव निवासी प्रीतम सिंह के परिवार ने गांव में सरकारी स्कूल खोलने के लिए 2.16 कनाल जमीन स्कूल को सौंपी थी। सरकार की ओर से उसके बदले इतनी जमीन प्रीतम सिंह के परिवार को दूसरे स्थान पर दे दी गई थी। पिछले दिनों प्रीतम सिंह ने स्कूल में ट्रैक्टर खड़ा कर दिया। अफवाह यह उड़ गई कि इस बंद पड़े स्कूल की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया गया।
इस मामले का संज्ञान लेते हुए वीरवार को पंचायत की तरफ से ग्राम सभा का आयोजन किया गया। पंचायत के सरपंच शशि कुमार की अध्यक्षता में हुई ग्राम सभा में अन्य प्रतिनिधियों सहित प्रीतम सिंह को भी बुलाया गया। ग्राम सभा में उनसे स्कूल के गेट का ताला तोड़ भीतर ट्रैक्टर चलाए जाने के बाद ट्राली खड़ी करने के बारे में पूछताछ की गई। इस पर प्रीतम सिंह ने कहा कि स्कूल के साथ की भूमि पर ही उसका घर है। स्कूल में उगा सरकंडा व गंदगी फैली होने पर सफाई करने की मंशा से उसने स्कूल परिसर में ट्रैक्टर चलाया है। स्कूल का कोई ताला नहीं तोड़ा और गेट पहले ही खुला था। ट्रैक्टर चलाकर उसने सरकंडा हटाए जाने के साथ सफाई की थी। प्रीतम सिंह ने कहा कि मुख्य गेट की टूटी दीवार को ठीक कराए जाने के लिए उसे सात दिनों का समय दिया जाए। प्रीतम सिंह ने बताया कि गांव के रशीद अली ने गेट का ताला तोड़ा था। पंचायत की ओर से रशीद को बुलाया गया, उसने बताया कि गेट पर कोई ताला नहीं था। वह पहले खुला था और मवेशी चरने के लिए चले गए थे।
------
स्कूल भवन और भूमि पंचायत के अधीन है। अगर किसी ने भी इस पर कब्जा करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कानून के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। प्रीतम सिंह ने दीवार की मरम्मत के लिए सात दिन का समय मांगा है, सात दिनों के भीतर टूटी हुई दीवार को ठीक करा दिया जाएगा। इस दौरान नायब सरपंच राकेश सिंह पंच दर्शन कुंडल, पंच संजीव कुमार, पंच सरदूल सिंह अन्य प्रतिनिधि गांव के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
-शशि शर्मा, सरपंच