संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद सख्त हो गई है। मंगलवार को टीम ने बस अडडे और आसपास के इलाके में अभियान चला कर सड़क किनारे अवैध तरीके से लगी रेहड़ी-फड़ी वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। साथ ही दुकानदारों को दुकानों के बाहर सामान नहीं रखने की नसीहत दी है।
मंगलवार को परिषद के कार्यकारी अधिकारी अमित शर्मा के नेतृत्व में विभाग की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान सभी दुकानदारों को दुकानों के आगे सामान नहीं रखने की नसीहत दी गई। कुछ दिनों से परिषद की टीम अतिक्रमण करने वालों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। शहर में सुबह से लेकर दोपहर तक बस अड्डे पर अवैध रेहड़ी की भरमार रहती है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। साथ ही राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने लोगों को सड़कों के किनारे रेहड़ी-फड़ी नहीं लगाने की हिदायत दी है।