फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने उड़ाई नींद, शोपीस बने पंखे-कूलर, हांफ गए इनवर्टर

विज्ञापन
विज्ञापन
- गुस्साए लोग सड़कों पर उतरे, बिजली विभाग के खिलाफ निकाली भड़ास
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। सीमावर्ती इलाकों में भी बिजली व्यवस्था हांफ गई है। प्रंचड गर्मी में बिजली कटों से लोगों की नींद उड़ गई है। बुधवार रात और वीरवार को भी घंटों बिजली गुल रहने से पंखे, कूलर शोपीस बन गए। इनवर्टर भी जवाब दे गए। इस समस्या से गुस्साए गांव राठाना के लोगों ने वीरवार को बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शन कर मांग की कि क्षेत्र में बिजली की अघोषित कटौती बंद करने के साथ गांव की बिजली की खस्ताहाल तारों को जल्द बदला जाए। पंचायत की सरपंच शक्ति वाला की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में गांववासी मौजूद रहे, जिन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द गांव में बिजली के तार नहीं बदले गए तो प्रदर्शन तेज कर देंगे। पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि सरकार सरपंचों-पंचों को अधिकार देने की बात कर रही है। दूसरी तरफ बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। मौजूदा समय में किसान धान की रोपाई कर रहे हैं, लेकिन बिजली कटौती के चलते कार्य प्रभावित हो रहा है। लोगों ने उप राज्यपाल से मांग की कि बिजली सेवा को पूरी तरह से सुचारू किया जाए। मौके पर बोधराज, धरमू राम, राज कुमार, फकीर चंद, बीरबल, सोमा देवी, गुलशन कुमारी, गीता देवी, गारू राम, राज कुमारी, तथा मखनी देवी,तरसेम सिंह, रमेश लाल मौजूद थे।
-
अरनिया में भी अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान
अरनिया। कस्बे में अघोषित बिजली कटौती आफत बन गई। ग्रामीण क्षेत्रों में इस समय शेड्यूल कट के अलावा ज्यादा कटौती की जा रही है। रिसीविंग स्टेशन ब्यासपुर में 24 घंटे में से 8 घंटे की कटौती का शेड्यूल तय है। जबकि 13 से 15 घंटे कटौती की जा रही है। ब्यासपुर रिसिविंग स्टेशन में कटौती 8 घंटे की जाती है, लेकिन अघोषित कटौती मीरां साहिब ग्रिड स्टेशन की तरफ से 33 केवी द्वारा की जा रही है। मीरां साहिब ग्रिड स्टेशन में बिजली की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। लोगों में बिजली विभाग के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर ज्यादातर रिसीविंग स्टेशनों में रात 8:00 से 11:00 का कट लोगों के लिए आफत बन गया है। कई बार तो 11 की बजाय 12 से 12:30 बिजली आती है। लोगों के खाना खाने के समय पर बिजली बंद रहती है। परंतु अघोषित कटौती से लोगों की रात की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।
विज्ञापन


ग्रामीण पवन कुमार ने बताया कि रात 8:00 बजे से निरंतर 11:00 बजे तक बिजली बंद रहती है। जिससे घरेलू समस्याएं बढ़ गई है। ग्रामीण संजीव कुमार ने बताया कि जब से लिलयाना ग्रिड स्टेशन से ब्यासपुर रिसिविंग स्टेशन को काटकर मीरा साहिब ग्रिड स्टेशन के साथ जोड़ दिया है। तब से निरंतर बिजली की अघोषित कटौती से लोगों को जूझना पड़ रहा है।

राजोरी में बिजली कटौती से मचा कोहराम, प्रदर्शन की चेतावनी

राजोरी। प्रचंड गर्मी के बीच कुछ दिनों से लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती लोगों को खूब रुला रही है। राजोरी शहर और आसपास के क्षेत्रों के अलावा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी घंटों बिजली काटी जा रही है। इससे लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं। प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद बिजली कटौती लोगों का जीना मुहाल किए हुए है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक ट्रिपिंग और कम वोल्टेज ने लोगों का सुकून छीन लिया। बिजली विभाग के अधिकारी लोड बढ़ने की समस्या बता रहे हैं। सूरज की तल्खी से वीरवार को जिला गर्म तवे सा तपता रहा। बदन झुलसाती तेज धूप और लू के थपेड़ों से आम जन जीवन प्रभावित हुआ। दिन में 37 डिग्री तापमान से सहमे लोग बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।
विज्ञापन



ढांगरी के लोग बोले - नरसंहार के दिन भी थी
बिजली गुल, फिर से न घट जाए वैसी घटना
ढांगरी में भी बिजली कटौती ने लोगों को परेशान कर दिया है। वीरवार को सरपंच धीरज शर्मा और ढांगरी के लोगों ने फिर से आतंकी घटना घटने की आशंका जताते हुए बताया कि रात को बिजली बंद होने से ढांगरी में और भी दहशत का माहौल बन जाता है। सरपंच ने बताया कि 1 जनवरी की रात को जब ढांगरी में आतंकियों ने खून की होली खेली थी तो उस समय भी बिजली गुल थी और अंधेरे की आड़ में आतंकी वारदात को अंजाम देकर भागने में सफल हो गए थे और आज तक हाथ नहीं लगे हैं। उन्होंने बताया बिजली विभाग की लापरवाही से पूरे ढांगरी गांव में दहशत बन जाती है। जब तक बिजली नहीं आती तब तक लोग डरे सहमे घरों के अंदर ही दुबके रहते हैं। सरपंच ने कहा कि शायद बिजली विभाग और जिला प्रशासन ढांगरी में एक और नरसंहार का इंतजार कर रहे हैं। सरपंच धीरज शर्मा और नगर के लोगों ने जिला प्रशासन, बिजली विभाग कोे को कड़ी चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ढांगरी में बिजली व्यवस्था को नहीं सुधारा गया और रात के समय बिजली की कटौती को बंद नहीं किया जाता तो लोग बड़े पैमाने पर एक बार फिर सड़कों पर प्रदर्शन का सहारा लेंगे। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें