वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त होने वाला था आरएस पुरा निवासी लाइनमैन
पत्नी, दो बेटियों और बेटे को छोड़ गया बेसहार, क्षेत्र में दौड़ी शोक की लहर
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। कस्बे से सटे गांव रंगपुर बस्ती में सड़क किनारे 11 हजार केवी की लाइन पर खंभे पर चढ़कर काम करते हुए आरएस पुरा निवासी लाइनमैन की शनिवार को करंट लगने से मौत हो गई। यह नौकरी उसे बड़े भाई की करंट लगने पर हुई मौत के बाद मिली थी। साथ ही वह वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त भी होने वाला था।
जानकारी के अनुसार कस्बे के वार्ड 12 निवासी प्रेम लाल पुत्र खैराती लाल शनिवार सुबह करीब 11 बजे गांव रंगपुर बस्ती में बिजली का तार टूटने पर उसे जोड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान लाइन में करंट दौड़ गया और प्रेम लाल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वहां से पैदल निकल रही एक लड़की ने लाइनमैन को जमीन पर गिरते देखा और आसपास के लोगों को जानकारी दी। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस थाना प्रभारी पवन डोगरा मौके पर पहुंचे और शव अस्पताल ले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लाइनमैन की मौत करंट लगने से हुई है।
लाइनमैन की मौत के कारण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व मंत्री चौ. शाम लाल सहित क्षेत्र के सरपंचों ने अस्पताल पहुंच कर मृतक के परिवार को हौसला दिया। उन्होंने सरकार व विभाग से मांग की कि मृतक के परिवार को उसके बदले नौकरी दी जाए। उधर, मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां व एक बेटा छोड़ गया। बेटे हैप्पी के अनुसार उसके पिता वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। प्रेम लाल का बडा भाई भी बिजली विभाग में लाइनमैन था। सालों पहले उसकी भी करंट से जान चली गई थी। तब प्रेम लाल को ही उसकी नौकरी मिली थी।
करंट लगने से ही लाइनमैन प्रेम लाल की मौत हुई है। बिजली कार्य के लिए खाने चक फीडर का शटडाउन लिया था। लेकिन, लाइन में करंट कैसे आया, इसकी पूरी जांच विभाग द्वारा की जाएगी।
- मंजीत सिंह, एईई, बिजली विभाग