बसपा ने बैठक कर मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। बहुजन समाज पार्टी ने मंगलवार को गांव ठिकरिया में बैठक कर पार्टी को मजबूत बनाने के साथ उसकी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की। पार्टी के प्रदेश महासचिव दर्शन राणा और सरपंच राजा सिंह ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर पार्टी ने फैसला लिया है कि अगर जल्द कटौती बंद नहीं हुई तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां सरकार स्मार्ट मीटर लगा कर लोगों को 24 घंटे बिजली देने का दावा कर रही है। दूसरी ओर लोगों को अघोषित कटौती का सामना करना पड़ रहा है। लघु उद्योग कारोबारियों का काम ठप पड़ा है। किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा। वर्ष 2017-18 में मनरेगा योजना के तहत विकास कार्यों के लिए निर्माण सामग्री उपलब्ध करवाने वाले ठेकेदारों को आज तक सरकार ने पैसा नहीं दिया। उन्हें भी आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। जहां अधिकतर अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़े वर्ग के लोग रहते हैं, उनकी तरफ भी कोई ध्यान नहीं है। बैठक में जनक राज, हरजीत कुमार, बिशन दास, तरसेम लाल, रतन लाल, आदि मौजूद थे।