- एक किलोवाट के लिए 30 हजार तो दो किलोवाट पर मिलेगी 58 हजार रुपये की सब्सिडी
- पहले साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग के माध्यम से लगाए जा रहे थे सोलर पैनल
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अब बिजली कारपोरेशन पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में सोलर पैनल लगाएगा। पहले साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग के माध्यम से सोलर पैनल स्थापित हो रहे थे। सोलर पैनल लगाने के बाद लोग बिजली खर्चों को कम कर सकते हैं। एक किलोवाट का सोलर पैनल लगाने पर तीस हजार जबकि दो किलोवाट का पैनल लगाने पर 58 हजार रुपये के करीब सब्सिडी कारपोरेशन देगा। पैनल लगाने पर कुल खर्च एक से डेढ़ लाख रुपये के बीच आएगा। हालांकि लोग सोलर पैनल अपनी इच्छा के अनुसार लगवा सकते हैं। ऐसे लोग जो ये नहीं लगवाना चाहते, उनके लिए जरूरी नहीं है।
मौजूदा समय में लोगों को बिजली बिल ज्यादा आ रहे हैं। सर्दी हो या फिर गर्मी लोगों को बिल भरना मुश्किल होता जा रहा है। लोग जरूरत के हिसाब से सोलर पैनल लगा सकते हैं। इससे बिजली खपत में कटौती होगी। मौजूदा समय में कारपोरेशन के ओर से टेंडर करवाए जा रहे हैं। टेंडर पूरे होने के बाद घरों में सोलर पैनल लगेंगे। पैनल लगने के बाद लोग सोलर सिस्टम से पैदा होने वाली बिजली का प्रयोग कर सकेंगे। इससे लोगों को कम बिजली बिल भरना पड़ेगा। अकसर सर्दी और गर्मी में लोड ज्यादा बढ़ जाता है। गर्मी में एसी, कूलर तो सर्दी में ब्लोअर और हीटर का प्रयोग होता है। सोलर पैनल लगाने के लिए लोग बिजली कारपोरेशन कार्यालयों में आवेदन कर सकते हैं।
कोट
सोलर पैनल लगाने के लिए कारपोरेशन में लोग आवेदन कर सकते हैं। मौजूदा समय में टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इससे बिजली बिल कम आएंगे। लोगों को सब्सिडी दी जाएगी।
- मनहर गुप्ता, मुख्य अभियंता, बिजली कारपोरेशन