लोगों ने स्मार्ट मीटर और विभाग के खिलाफ जताया रोष
जम्मू। सोमवार सुबह संजय नगर सेक्टर 4 में स्मार्ट मीटर की लगी तारें मेन तार का लोड नहीं झेल पाई। इस कारण तार टूट गई और लोगों के घरों में लगे लाखों के बिजली के उपकरण खराब हो गए। लोगों ने स्मार्ट मीटर और विभाग के खिलाफ रोष जताया।
उन्होंने कहा कि दोपहर 3.21 मिनट पर एक्सईएन राजेश शर्मा ने कहा मीटिंग चल रही थी, इसलिए फोन नहीं उठा पाया। विभाग के लोगों से जानकारी लेकर पूरी चर्चा करता हूं। फिर शाम 5.25 मिनट पर दोबारा यही बात की कि जल्द पूरी जानकारी आप तक पहुंचाता हूं। इसके बाद उन्होंने फोन नहीं उठाया और बाद में स्विच ऑफ कर दिया। जब हमने जूनियर अधिकारी को 7.44 पर कॉल किया तो एईई रोफ भट्ट ने कहा कि वे अपने जूनियर को कॉल कर जानकारी लेकर देता हूं। उनको वापस 8 बजे कॉल करने पर उनका भी फोन स्विच ऑफ हो गया।
लोग बोले- सरकार ने स्मार्ट मीटर लगाकर बढ़ाई परेशानी
उमा शर्मा ने बताया कि पहले तो पूरी रात लाइट नहीं आई। लाइट आते घर पर लगे एसी का ट्रांसफार्मर सड़ने से एसी खराब हो गया। सुनीता अरोड़ा ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कमला देवी ने बताया कि स्मार्ट मीटर से विकास तो दूर बिजली के उपकरण भी खराब हो गए। विभाग हमें नए उपकरण लेकर दे। निशा कुमारी ने बताया कि हमारे घर के पंखे सड़ गए हैं। अब कौन हमारे घर की परेशानियां दूर करेगा। मगर सरकार ने तो हमें परेशानी दे दी।
-
हम तो पहले से प्रदर्शन कर रहे थे कि यह सिर्फ परेशानियां ही देगा। मगर आज जो हुआ यह साबित करता है कि हम गलत नहीं थे। सरकार को अपने इस फैसले के बारे में सोचना चाहिए।
द्वारका चौधरी, पार्षद