- चुनाव में आपात स्थिति से निपटने के लिए 108 और 102 एंबुलेंस तैनात
- सभी पांच जिलों में खुले रहेंगे चिकित्सा केंद्र, बिना अनुमति के स्टाफ नहीं छोड़ेगा स्टेशन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पहले चरण में शुक्रवार को उधमपुर संसदीय सीट के लिए हो रहे लोकसभा चुनाव में पुख्ता स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दावे किए गए हैं। इस सीट पर पांच जिलों के 2637 पोलिंग बूथों पर प्रत्येक पर मेडिकल किट से प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा दी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त 108 और 102 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। जिला और ब्लाॅक हेडक्वार्टर पर समन्वय प्रकोष्ठ और नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। जिन चिकित्सा कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें संबंधित पोलिंग बूथ से अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए संबंधित चुनाव फार्म के माध्यम से मतदान की सुविधा दी जाएगी। वीरवार को उधमपुर संसदीय क्षेत्र के सभी चिकित्सा अधिकारियों की बैठक में चुनाव चिकित्सा संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डा. राकेश मगोत्रा ने बताया कि चुनाव के दौरान पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। चुनाव के दौरान पांचों जिलों में सभी चिकित्सा केंद्र खुले रहेंगे। सभी चिकित्सा कर्मचारियों को बिना अनुमति के स्टेशन नहीं छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। एंबुलेंस में संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों पर अधिक ध्यान केंद्रित किया जाएगा और जिला प्रशासनों की जरूरत के मुताबिक एंबुलेंस उपलब्ध करवाई जाएंगी। कई चिकित्सा कर्मचारियों को पंद्रह दिन पहले ही संबंधित फार्म के माध्यम से पोस्ट बैलेट की सुविधा दी गई थी। चुनाव के दौरान जरूरी चिकित्सा कर्मचारियों को छुट्टी लेने की भी जरूरत नहीं है और वे ड्यूटी वाले स्थान से संबंधित फार्म के माध्यम से अपना मत डाल सकेंगे। मतदान की प्रक्रिया के साथ ही पूरी संसदीय क्षेत्र में सभी चिकित्सा केंद्र सक्रिय हो जाएंगे। इसमें नियंत्रण कक्ष से पल पल की जानकारी लेकर जरूरत के मुताबिक संबंधित स्थानों पर चिकित्सा मदद पहुंचाई जाएगी।