पीएमश्री मिडल स्कूल परगवाल में एनडीआरएफ ने दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
परगवाल। पीएमश्री मिडल स्कूल परगवाल में सोमवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 13वीं वाहिनी ने जागरूकता कार्यक्रम करवाया। इसमें विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के गुर सिखाए गए। टीम ने छात्रों को भूकंप, बाढ़, अग्निकांड और अन्य आपात परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी। एनडीआएफ जवानों ने बताया की आपदा में घबराएं नहीं, सूझबूझ और सतर्कता से काम लें। विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और बचाव कार्यों में सहयोग करने के तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से आपात स्थिति का अभ्यास करवाया गया। स्कूल प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा की इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों के लिए बेहद लाभदायक हैं। उन्हें भविष्य में किसी भी आपदा का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। इस मौके पर एसआई अरविंद चंद, एएसआई विनोद कुमार, मोनिका मन्हास, गणेश शर्मा, जोगिंद्र सिंह, अन्जूवाला, आरिफ सहित शिक्षक भी मौजूद थे।