जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में वीरवार को एमबीए (आईबी) के छात्रों के लिए जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और करियर परामर्श विषय पर एक बातचीत का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के इंटरनेशनल क्रॉस कल्चरल सेंटर ऑफ रिसर्च एंड ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट की ओर से हुए इस कार्यक्रम में छात्रों को प्रदेश के स्टार्टअप और औद्योगिक परिदृश्य की जानकारी दी गई। करियर के अवसरों को लेकर उनका मार्गदर्शन किया गया। कार्यक्रम में बतौर रिसोर्स परसन उद्योग एवं वाणिज्य निदेशालय के एक्जीक्यूटिव मैनेजर अरशद नोमानी ने शिरकत की। उन्होंने छात्रों के साथ प्रदेश की औद्योगिक विकास नीतियों, स्टार्टअप से जुड़ी पहलों और जम्मू-कश्मीर में उद्यमियों के लिए उपलब्ध सहायता योजनाओं पर जानकारी साझा की। कहा कि इस वक्त सरकार का फोकस इनोवेशन और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर है। उन्होंने छात्रों के एक्सपोर्ट और सर्विस सेक्टर पर फोकस करने पर जोर दिया। स्थानीय अर्थव्यवस्था में सहयोग करने की बात कही। इस दौरान एक करियर काउंसिलिंग सेशन भी हुआ। इसमें नोमानी ने छात्रों के करियर संबंधी सवालों का जवाब दिया। इस दौरान सेंटर के निदेशक प्रो. हरदीप चहल, डॉ. पारुल महाजन, डॉ. स्वाति शर्मा आदि मौजूद रहे। ब्यूरो