जम्मू। जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों के पंजीकरण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। कश्मीर संभाग, जम्मू के विंटर जोन और लद्दाख के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण सोमवार से शुरू होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 20 अक्तूबर तय की गई है। जम्मू संभाग के समर जोन के 9वीं कक्षा के विद्यार्थी भी इसी अवधि में पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण शुल्क 755 रुपये तय किया गया है। 20 अक्तूबर के बाद भी विद्यार्थियों को मौका मिलेगा लेकिन इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा। पंजीकरण स्कूलों के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा। स्कूलों को विद्यार्थियों की जानकारी दाखिला रिकॉर्ड के अनुसार जांचने के बाद बोर्ड के पोर्टल पर दर्ज करनी होगी। बोर्ड ने साफ किया है कि पात्र विद्यार्थी अनिवार्य पंजीकरण प्रक्रिया से छूट न जाएं। विशेष विद्यार्थियों को पंजीकरण शुल्क में छूट दी गई है। 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले विद्यार्थी शुल्क से मुक्त रहेंगे। उन्हें पंजीकरण फॉर्म का प्रिंट और दिव्यांगता प्रमाणपत्र संबंधित बोर्ड कार्यालय में जमा करना होगा। ब्यूरो