जम्मू। जम्मू-कश्मीर प्रोफेशनल प्रवेश परीक्षा बोर्ड (जेकेबोपी) ने एमडी और एमएस आयुर्वेद कोर्सों की दूसरी और मॉपअप काउंसलिंग की तारीख जारी कर दी है। बोर्ड के अनुसार पहले दौर की काउंसलिंग के बाद भी सरकारी आयुर्वेदिक मेडिकल काॅलेज, अखनूर और जम्मू आयुर्वेद शोध संस्थान में कई सीटें खाली रह गई थीं। इन्हें भरने के लिए अब पांच दिसंबर को फिजिकल काउंसलिंग कराई जाएगी। काउंसलिंग के लिए उम्मीदवारों को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक जम्मू या श्रीनगर स्थित बोर्ड कार्यालय में पंजीकरण कराना होगा। उम्मीदवारों को सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। सेवा में कार्यरत डॉक्टरों को एनओसी देनी होगी। बोर्ड ने बताया कि वे सभी उम्मीदवार इस दौर में शामिल हो सकते हैं जिन्हें पहले दौर में सीट नहीं मिली, जिन्हें सीट मिली थी लेकिन दाखिला नहीं ले सके या जिन्होंने सीट छोड़ दी थी। आरक्षित श्रेणी की सीटें पहले भरी जाएंगी। अगर वे खाली रह जाती हैं तो उन्हें अनारक्षित श्रेणी में बदलकर मेरिट के आधार पर भरा जाएगा। ब्यूरो