- जेयू का दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा निदेशालय रोजगारपरक कोर्स के लिए कर रहा जागरूक
- हाल ही में आयोजित सत्र में 300 महिलाओं की रही भागीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय का दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा निदेशालय किसी कारणवश बीच में पढ़ाई छोड़ चुकी महिलाओं को दोबारा पढ़ने का मौका दे रहा है। इसके तहत रोजगारपरक कोर्स करवाए जाएंगे। महिलाओं को गैर कॉलेजिएट महिला शिक्षा बोर्ड के बारे में जागरूक किया जा रहा है। हाल ही में करवाए गए सत्र में जम्मू संभाग से 300 महिलाओं ने भाग लिया। इस पहल से उन महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है, जो कई कारणों से अपने लक्ष्य को निर्धारित नहीं कर पाई हैं। वे हर शनिवार और रविवार को विश्वविद्यालय में आकर पढ़ाई कर सकती हैं। इसी उद्देश्य के लिए प्रशासन ने रोजगारपरक और कौशल विकास से संबंधित कोर्स करवाने का निर्णय लिया है।
दूरस्थ शिक्षा निदेशालय ने जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार किया है, जिसमें अभ्यर्थी 12वीं की पढ़ाई से संबंधित कोर्स करेंगी। उन्हें रोजागर के लिए तैयार किया जाएगा। इसमें व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, वित्तीय साक्षरता, सूचना प्रौद्योगिकी, बिग डेटा और क्लाउड कंप्यूटिंग, लेखन कौशल, विदेशी भाषाएं, प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणाली, संस्कृति और इतिहास आदि पाठ्यक्रमों को शामिल किया गया है।